कुनकुरी पुलिस की कार्रवाई, फेसबुक पोस्ट को लेकर दर्ज हुई थी शिकायत; मोबाइल और जियो सिम जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
कुनकुरी। सोशल मीडिया पर हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने 52 वर्षीय हेमंत कुमार बेदी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 199 और 299 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और उसमें लगा जियो सिम जब्त किया गया है।
फेसबुक पोस्ट को लेकर दर्ज कराई गई थी शिकायत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को चराईडांड़ निवासी करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 15 अक्टूबर को उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी के नाम से संचालित खाते पर एक पोस्ट देखा था। आरोप है कि इस पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और समाज में नाराजगी फैल गई। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास, टीम ने पकड़ा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कुनकुरी पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद आरोपी हेमंत कुमार बेदी, निवासी ग्राम बिहावल, पतराटोली, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने के लिए पुलिस टीम पहुंची।
पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपने फेसबुक खाते से देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार किए जाने का दावा भी पुलिस ने किया है।
मोबाइल और सिम जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस के मुताबिक, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 17 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे, दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता और नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की भूमिका रही।
धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।











