बगीचा के महादेवडांड़ में वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार और चार नाबालिग अभिरक्षा में; पुलिस ने तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल की बरामद
जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के महादेवडांड़ में खेतों की गिरदावरी का काम कर रहे एक युवक को तलवार दिखाकर डराने-धमकाने और रुपये मांगने का मामला सामने आया है। रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने युवक की मोटरसाइकिल लूट ली और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में बगीचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरदावरी के दौरान युवक को घेरा
पुलिस के अनुसार, पकरीकछार निवासी संतोष कुमार (33 वर्ष) पिछले दो वर्षों से बासेन और महादेवडांड़ क्षेत्र में खेत-जमीन की गिरदावरी का काम कर रहे हैं। आरोप है कि 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह महादेवडांड़ के कुरोंग पंचायत अंतर्गत किसानपारा में सीसी रोड के पास खेत में गिरदावरी कर रहे थे।
इसी दौरान डोन तिर्की अपने साथी अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया के साथ वहां पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, डोन तिर्की के हाथ में तलवार थी। दोनों ने युवक से गांव में आने का कारण पूछा और गाली-गलौज करते हुए उसे डराने-धमकाने लगे।
रुपये नहीं देने पर मोटरसाइकिल लूटने का आरोप
आरोप है कि डोन तिर्की ने तलवार दिखाकर संतोष कुमार से रुपये मांगे। युवक द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर उनके चार अन्य साथियों सहित कुल सात लोग वहां पहुंच गए और रुपये की मांग करने लगे।
रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने युवक की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 E 2606 लूट ली। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इस दौरान तलवार लेकर युवक को मारने के लिए दौड़ाया गया, जिसके बाद वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। बाद में उसने घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों के नाम
16 अक्टूबर 2026 को संतोष कुमार की रिपोर्ट पर बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, डोन तिर्की और अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनके कथनों के आधार पर आयुष कुजूर और चार विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थी से पहचान की कार्रवाई कराई। पुलिस का कहना है कि प्रार्थी ने सभी की पहचान की। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर, चार बालक बाल संप्रेषण गृह भेजे गए
पुलिस के मुताबिक, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद डोन तिर्की (19 वर्ष), अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया (19 वर्ष) और आयुष कुजूर (18 वर्ष 11 माह) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के चार विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी में पीएसआई संतोष वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे और नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक अशोक मिंज, महिला आरक्षक पूना मणि तथा नगर सैनिक बलिराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











