मुंबई। हिंदी सिनेमा में किशोर कुमार और राजेश खन्ना की जोड़ी ने कई ऐसे सदाबहार गीत दिए, जिनका जादू आज भी संगीत प्रेमियों के सिर चढ़कर बोलता है। ‘आराधना’, ‘आनंद’, ‘अजनबी’ और ‘कटी पतंग’ जैसी फिल्मों के जरिए इस जोड़ी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। इन्हीं में से एक गीत है ‘मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू’, जो दशकों बाद भी प्रेम और रोमांस का प्रतीक बना हुआ है।
साल 1969 में रिलीज हुई फिल्म ‘आराधना’ का यह गीत राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर पर फिल्माया गया था। किशोर कुमार की सुरीली आवाज और एसडी बर्मन के संगीत ने इस गाने को अमर बना दिया। गीत में राजेश खन्ना का चुलबुला अंदाज और शर्मिला टैगोर की खूबसूरती दर्शकों को खूब पसंद आई। एक दौर ऐसा भी था, जब प्रेम का इजहार करने के लिए युवा इस गीत का सहारा लेते थे।
दार्जिलिंग की वादियों में ‘सपनों की रानी’ को तलाश रहे थे राजेश खन्ना
‘मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू’ की खासियत सिर्फ इसका संगीत और फिल्मांकन ही नहीं, बल्कि इसकी शूटिंग से जुड़ा दिलचस्प किस्सा भी है। पर्दे पर राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर के बीच दिखाई देने वाली शानदार केमिस्ट्री के पीछे फिल्म संपादन की अहम भूमिका थी।
अलग-अलग जगहों पर हुई थी गाने की शूटिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शर्मिला टैगोर ने ‘द कोरम’ को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि इस गाने की शूटिंग के दौरान वह राजेश खन्ना के साथ दार्जिलिंग में मौजूद नहीं थीं। अपनी दूसरी फिल्मों की व्यस्तताओं के कारण वह वहां नहीं जा सकी थीं।
गाने में राजेश खन्ना के दृश्य दार्जिलिंग की खूबसूरत वादियों और चलती ट्रेन के आसपास फिल्माए गए थे। वहीं, शर्मिला टैगोर के ट्रेन वाले दृश्यों की शूटिंग मुंबई के एक स्टूडियो में रियर प्रोजेक्शन तकनीक की मदद से की गई थी। बाद में इन दृश्यों को इस तरह जोड़ा गया कि पर्दे पर दोनों सितारों की रोमांटिक मुलाकात और शानदार केमिस्ट्री स्वाभाविक नजर आई।
आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है गीत
‘मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू’ हिंदी सिनेमा के उन गीतों में शामिल है, जिनकी लोकप्रियता समय के साथ कम नहीं हुई। किशोर कुमार की आवाज, एसडी बर्मन का संगीत और राजेश खन्ना का खास अंदाज इस गीत को यादगार बनाते हैं। पर्दे पर एक साथ नजर आने वाले दोनों सितारों ने भले ही इस गाने की शूटिंग अलग-अलग जगहों पर की हो, लेकिन दर्शकों के लिए उनकी जोड़ी आज भी रोमांस की यादगार मिसाल है।











