बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 अक्टूबर को बिलासपुर प्रवास पर रहेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वे छत्तीसगढ़ प्रांत के संघ कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के विस्तार, आगामी गतिविधियों और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करेंगे।
आज शाम 4 बजे सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचेंगे भागवत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. मोहन भागवत 22 अक्टूबर को शाम 4 बजे बिलासपुर के कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचेंगे। यहां उनके प्रवास के दौरान क्षेत्र, प्रांत और विभाग स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संघ के वर्तमान कार्यों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी योजनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के प्रबोधन पर रहेगा जोर
डॉ. भागवत के प्रवास के दौरान संगठन के विस्तार के साथ कार्यकर्ताओं के प्रबोधन और संघ कार्यों की प्रगति पर विशेष चर्चा होगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा भी की जाएगी।
दो दिनों तक चलने वाली बैठकों में संगठन की आगामी कार्ययोजना, गतिविधियों के क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति पर चर्चा किए जाने की जानकारी है। डॉ. भागवत का यह प्रवास छत्तीसगढ़ प्रांत में संघ की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।











