दो दिनों की बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों की धान फसल को नुकसान की आशंका; कबीरधाम में अब तक 820.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज
रायपुर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिला है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के मौसम में आए बदलाव के कारण कई जिलों में बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि अब चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है, लेकिन मौसम विभाग ने आज भी राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, ताकतवर चक्रवाती सिस्टम के कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बावजूद उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है।
रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बारिश और बादलों की वजह से कई क्षेत्रों में ठंडक महसूस की जा रही है।
इन इलाकों में दर्ज हुई अच्छी बारिश
पिछले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में वर्षा का आंकड़ा 7 सेंटीमीटर तक पहुंचा। इनमें सुकमा, कोंटा, नेरहरपुर और पिथौरा शामिल हैं।
इसके अलावा तोकापाल, दोरनापाल, बड़ेराजपुर, केशकाल, छिंदगढ़, कांकेर, कुकरेल, बलरामपुर, नगरी, बसना, सरोना, कटेकल्याण, बेलरगांव, राजिम, कुसमी, धमतरी, अमलीपदर, प्रेमनगर, देवभोग, मैनपुर, फरसगांव, गादीरास और बागबाहरा में 5 से 6 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।
रायगढ़ जिले में आज भी स्कूलों की छुट्टी
चक्रवाती तूफान के प्रभाव को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था। लगातार बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए रायगढ़ जिले में आज भी सभी शासकीय और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
वहीं, लगातार बारिश के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पानी भरने से कई स्थानों पर धान की खड़ी फसल झुक गई है। इससे फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन बारिश का असर कम होने के बाद ही हो सकेगा।
कबीरधाम जिले में अब तक 820.4 मिमी औसत वर्षा
कबीरधाम जिले में एक जून से 29 अक्टूबर तक कुल 820.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। कार्यालय कलेक्टर की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न तहसीलों में वर्षा की स्थिति इस प्रकार है: तहसील कुल वर्षा (मिमी) कवर्धा 857.8 पंडरिया 632.9 बोड़ला 747.8 सहसपुर लोहारा 638.4 रेंगाखार 788.0 कुण्डा 606.0 पिपरिया 1154.2 कुकदूर 1138.2
पिछले 24 घंटे में 17.3 मिमी बारिश
29 अक्टूबर की स्थिति में कबीरधाम जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 17.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार कवर्धा में 19.7 मिमी, पंडरिया में 11.3 मिमी, बोड़ला में 21.4 मिमी, सहसपुर लोहारा में 20.8 मिमी, रेंगाखार में 12.0 मिमी, कुण्डा में 14.7 मिमी, पिपरिया में 22.7 मिमी और कुकदूर में 16.0 मिलीमीटर बारिश हुई।
किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
चक्रवाती सिस्टम कमजोर होने के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं किसानों को भी खेतों में जलभराव और फसल की स्थिति पर नजर रखनी होगी।











