छपारा के जैन मोहल्ले में हादसे से मचा हड़कंप, मकान में आग लगने के दौरान मौजूद थे करीब 10 लोग
भीषण आग ने पूरे मकान को लिया चपेट में
मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में दीपावली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक सर्राफा व्यापारी के मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
छपारा के महावीर वार्ड में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना छपारा के जैन मोहल्ले स्थित महावीर वार्ड की है। यहां एक सर्राफा व्यापारी के घर में अचानक आग भड़क उठी। आग और धुएं का गुबार फैलने के कारण घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
एक ही परिवार के छह लोगों की गई जान
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त मकान में करीब 10 लोग मौजूद थे। आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत से आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।











