CISF कार्यालय और धरमजयगढ़ के ओंगना गांव से चुराई थीं बाइकें, नंबर प्लेट तोड़कर और रंग बदलकर छिपाई पहचान
शराब और पार्टी के लिए करते थे बाइक चोरी
रायगढ़। जिले में बाइक चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने के उद्देश्य से बाइक चोरी करते थे।
CISF कार्यालय के सामने से चोरी हुई थी पल्सर
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को नीलम संजीव बेक (37 वर्ष), निवासी मकरीबंधा, थाना तुमला, जिला जशपुर, वर्तमान में CISF इकाई NTPC तिलाईपाली में पदस्थ, ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा CISF कार्यालय के गेट के सामने खड़ी उनकी पल्सर बाइक क्रमांक CG-04-LF-3373 चोरी हो गई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 312/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
मामले की जांच के दौरान घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने पुलिस टीम को संदिग्धों पर नजर रखने और मुखबिरों से जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। इसी बीच मिली सूचना के आधार पर 10 नवंबर को पुलिस ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी की। यहां चोरी की बाइक बेचने के लिए लोगों से बातचीत कर रहे दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पकड़े गए युवकों की पहचान सुकसागर राठिया (20 वर्ष), निवासी कोनपारा और देव पैंकरा (20 वर्ष), निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा के रूप में हुई।
दो स्थानों से चोरी की बाइकें बरामद
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर घरघोड़ा CISF कार्यालय के सामने से काले रंग की पल्सर और धरमजयगढ़ वन क्षेत्र के ग्राम ओंगना से काले-सफेद रंग की एक अन्य पल्सर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर लीं।
नंबर प्लेट तोड़ी, इंजन नंबर मिटाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए दोनों बाइकों की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी। इसके अलावा इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया। सफेद रंग वाली पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसका हुलिया भी बदल दिया गया था। मामले में साक्ष्य मिटाने के प्रयास के संबंध में धारा 238 और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
दो आरोपी न्यायिक रिमांड पर, तीसरे की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों में सुकसागर राठिया, पिता सुंदर राठिया और देव पैंकरा, पिता धोबा पैंकरा शामिल हैं। दोनों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस को उससे पूछताछ में अन्य बाइक चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्वो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने दी कार्रवाई जारी रखने की बात
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। बाइक चोरी करने वाले गिरोहों की पहचान, उनकी गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।











