बेंगलुरु मेट्रो के नए चरण को दिखाएंगे हरी झंडी, देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा राष्ट्र को करेंगे समर्पित
प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक तथा गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री बेंगलुरु मेट्रो के नए चरण को हरी झंडी दिखाने के साथ कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी देश को समर्पित करेंगे।
बेंगलुरु में मेट्रो यात्रा और नए चरण का शुभारंभ
प्रधानमंत्री 13 नवंबर को बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह तावरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा करेंगे। इस दौरान बेंगलुरु मेट्रो के नए चरण को हरी झंडी दिखाएंगे।
मैसुरु में पौधारोपण और तारामंडल का उद्घाटन
मोदी मैसुरु स्थित भारत वन में पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही कासमास-मैसुरु तारामंडल का उद्घाटन भी करेंगे।
मंगलुरु में एलपीजी भंडारण सुविधा राष्ट्र को करेंगे समर्पित
प्रधानमंत्री मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा का लोकार्पण करेंगे। इस सुविधा की भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है।
चार रेलवे स्टेशनों का भी करेंगे उद्घाटन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित चामराजनगर, चिकमगलूर, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे। इसके अलावा 45 किलोमीटर लंबी बागलकोट-वंडाल रेल लाइन के दोहरीकरण खंड को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन के शुरू होने से इन शहरों के बीच रेल संपर्क को नई सुविधा मिलेगी।
गुजरात में अंबाजी मंदिर में करेंगे दर्शन
कर्नाटक दौरे के बाद प्रधानमंत्री गुजरात पहुंचेंगे। यहां वह बनासकांठा स्थित प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। यह मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में शामिल है।











