रायगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 नवंबर से जिले के 112 उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू होगी। इस वर्ष 84,501 पंजीकृत किसानों से धान का उपार्जन किया जाएगा। खरीदी के पहले दिन के लिए पांच केंद्रों में 17 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 105.6 मीट्रिक टन धान की आवक प्रस्तावित है।
79 समितियों के अंतर्गत बनाए गए 112 उपार्जन केंद्र
जिले में इस वर्ष पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा देने के लिए 79 समितियों के अंतर्गत 112 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है।
पिछले खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 69 समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की गई थी। इस बार 10 समितियों और 7 उपार्जन केंद्रों की वृद्धि हुई है। वहीं, पिछले वर्ष 83,641 किसानों ने पंजीयन कराया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 84,501 हो गई है। यानी पंजीकृत किसानों की संख्या में 860 का इजाफा हुआ है।
मोबाइल ऐप से 15 टोकन, 82.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित
15 नवंबर को प्रस्तावित खरीदी के लिए पांच उपार्जन केंद्रों में कुल 17 टोकन जारी किए गए हैं। इनमें से 15 टोकन किसानों ने ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त किए हैं। इनके जरिए 82.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। वहीं, समिति के माध्यम से जारी दो टोकनों से 22.92 मीट्रिक टन धान खरीदा जाएगा।
केंद्रवार टोकन और प्रस्तावित धान खरीदी की स्थिति इस प्रकार है— उपार्जन केंद्र टोकन प्रस्तावित धान धरमजयगढ़ 8 71.08 मीट्रिक टन दुर्गापुर 3 19.44 मीट्रिक टन कापू 3 8.12 मीट्रिक टन जमरगी डी 2 6.16 मीट्रिक टन बगुडेगा 1 0.80 मीट्रिक टन कुल 17 105.60 मीट्रिक टन
पिछले वर्ष 4.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान का हुआ था उपार्जन
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में 5,56,411 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध 72,696 किसानों से कुल 4,78,316.28 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया था, जो निर्धारित लक्ष्य का 85.965 प्रतिशत रहा।
इसमें 3,56,754.92 मीट्रिक टन मोटा धान और 1,21,561.36 मीट्रिक टन सरना धान शामिल था। नए खरीफ विपणन वर्ष में किसानों की बढ़ी संख्या और विस्तारित खरीदी व्यवस्था के साथ धान उपार्जन शुरू होने जा रहा है। प्रशासन ने सभी केंद्रों में व्यवस्थित खरीदी और किसानों को उपज विक्रय के दौरान असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।











