रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक की मुश्किलें बढ़ गई हैं। PMLA स्पेशल कोर्ट ने आरोपी को 6 दिन की प्रवर्तन निदेशालय (ED) रिमांड पर भेज दिया है। देर रात अदालत में पेशी और लंबी सुनवाई के बाद आधी रात को यह आदेश जारी किया गया।
28 नवंबर तक ED की हिरासत में रहेगा आरोपी
आरोपी को देर रात रायपुर स्थित PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था। ईडी ने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी। दोनों पक्षों के बीच देर रात तक बहस चली, जिसके बाद विशेष न्यायाधीश ने 6 दिन की कस्टडी मंजूर कर दी। अब ईडी 28 नवंबर तक हिमांशु शेखर से पूछताछ करेगी।
आधी रात तक चली सुनवाई, कोर्ट में जारी हुआ आदेश
बताया जा रहा है कि रायपुर कोर्ट के इतिहास में पहली बार PMLA स्पेशल कोर्ट में आधी रात तक सुनवाई चली। इसी दौरान अदालत ने रिमांड को लेकर अपना फैसला सुनाया। अब ईडी की पूछताछ में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी।











