धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रशासन सख्त, 115 कट्टी अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई
खरसिया में दो स्थानों पर कार्रवाई
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए रायगढ़ जिला प्रशासन ने अवैध धान भंडारण और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिलेभर में गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों की जांच कर रही हैं।
दो स्थानों पर मिला 46 क्विंटल धान
इसी अभियान के तहत खरसिया क्षेत्र में मंडी एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर जांच की। इस दौरान कुल 115 कट्टी यानी 46 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
विक्की अग्रवाल के यहां 18 क्विंटल धान मिला
जांच दल ने छपरीगंज, खरसिया निवासी विक्की अग्रवाल के यहां निरीक्षण के दौरान 45 कट्टी यानी 18 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
वरुण तिवारी के प्रतिष्ठान में 28 क्विंटल धान पकड़ा
इसी तरह खरसिया क्षेत्र के काफरमार स्थित वरुण तिवारी के प्रतिष्ठान की जांच में 70 कट्टी यानी 28 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित मिला। इस मामले में भी संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
कोचियों और बिचौलियों पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन द्वारा कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से होने वाले अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में निगरानी अभियान जारी रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान उपार्जन व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











