कापू के गोदाम से 70 बोरी और पटेलपाली में ट्रक से 550 बोरी धान पकड़ा गया, समर्थन मूल्य खरीदी में गड़बड़ी रोकने जांच अभियान जारी
रायगढ़, 28 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में अब तक कुल 32 प्रकरणों में 7,651 बोरी धान जब्त किया जा चुका है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं।
कापू के गोदाम से 70 बोरी धान जब्त
27 नवंबर को धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कापू में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने राजू निराला के गोदाम की जांच की। इस दौरान गोदाम में अवैध रूप से भंडारित 70 बोरी धान मिला, जिसका कुल वजन 28 क्विंटल बताया गया है। टीम ने धान जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की।
पटेलपाली में ट्रक से 550 बोरी धान पकड़ा
28 नवंबर को रायगढ़ तहसील के ग्राम पटेलपाली में अवैध रूप से धान परिवहन किए जाने की सूचना पर राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। मौके पर पहुंचकर ट्रक की जांच की गई, जिसमें 550 बोरी धान का अवैध परिवहन पाया गया। टीम ने धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
अब तक 32 मामलों में 7,651 बोरी धान जब्त
जिला प्रशासन के अनुसार, 27 नवंबर तक जिले में अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के 31 प्रकरणों में 7,101 बोरी धान जब्त किया गया था। इसका कुल वजन 2,840.40 क्विंटल था। वहीं, 28 नवंबर को पटेलपाली में 550 बोरी धान की जब्ती के बाद कुल प्रकरणों की संख्या 32 और जब्त धान की मात्रा 7,651 बोरी हो गई है।
गोदामों और परिवहन मार्गों पर निगरानी
प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों के साथ गोदामों और परिवहन मार्गों पर भी निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जांच कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध भंडारण, परिवहन तथा खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।











