छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाभियान तेजी से जारी है। 27 नवंबर तक प्रदेश में 5 लाख 34 हजार 798 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। अब तक 1 लाख 33 हजार 404 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं। वहीं, 27 नवंबर को एक ही दिन में 90 हजार 910 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है। राज्य सरकार के अनुसार, खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरा लाभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण फैसला लिया है। इसके तहत यदि कोई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत 21 क्विंटल के निर्धारित मानक के अनुसार अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। इस फैसले से खासकर छोटे किसानों को राहत मिलेगी। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
2,634 खरीदी केंद्रों में शुरू हुई धान की आवक
किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। वर्तमान में 2,634 केंद्रों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। चालू खरीफ सीजन में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। किसान घर बैठे ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर धान बेचने की तारीख तय कर रहे हैं।
खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए सभी उपार्जन केंद्रों में शुद्ध पेयजल, बैठने और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सरकार का कहना है कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।











