लैलूंगा। सड़क सुरक्षा को लेकर लैलूंगा थाना पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए मालवाहक पिकअप वाहन पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार एक पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक महिला, पुरुष और बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था, जिस पर पुलिस की नजर पड़ते ही कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग कराडेगा क्षेत्र से सीतापुर जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। माल ढुलाई के लिए पंजीकृत पिकअप वाहन को यात्री वाहन की तरह उपयोग किया जा रहा था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।
जान जोखिम में डालकर कर रहे थे सफर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप में बड़ी संख्या में लोग सवार थे। वाहन में महिलाओं और बच्चों की मौजूदगी ने खतरे को और बढ़ा दिया था। यदि रास्ते में कोई दुर्घटना होती तो गंभीर जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता था।
लैलूंगा पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान जारी
लैलूंगा थाना स्टाफ द्वारा वाहन को रोककर आवश्यक कार्रवाई की गई और वाहन चालक को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाकर परिवहन करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
जनता ने की पुलिस की कार्रवाई की सराहना
क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का कहना है कि ऐसे वाहनों पर समय-समय पर कार्रवाई होने से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा और लोगों की जान सुरक्षित रहेगी।
“सुरक्षा से समझौता नहीं, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी” — लैलूंगा पुलिस का स्पष्ट संदेश।








