रायपुर। 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जिला स्तरीय समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के पुलिस मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।

बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर में ये होंगे मुख्य अतिथि
मुख्यालय बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।
कई जिलों में मंत्री करेंगे ध्वजारोहण
सामान्य प्रशासन विभाग की जानकारी के अनुसार राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप, कबीरधाम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ध्वजारोहण करेंगे।
वहीं रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कांकेर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे।
सांसद भी जिला मुख्यालयों में फहराएंगे तिरंगा
बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद संतोष पांडेय, कोंडागांव में सांसद भोजराज नाग, बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया ध्वजारोहण करेंगे।
इसी तरह गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगी।
जिला स्तरीय समारोहों में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी करेंगे।





