रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले ध्वजारोहण समारोह के लिए राज्य सरकार ने मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में केंद्रीय मंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।

जिला मुख्यालयों में मुख्य अतिथि करेंगे ध्वजारोहण
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 9 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, सभी जिला मुख्यालयों में निर्धारित मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया जाएगा।
मुख्य अतिथि से परामर्श के बाद तय होगा कार्यक्रम
शासन ने संबंधित जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे मुख्य अतिथि से परामर्श कर स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रम का निर्धारण करें। समारोह के दौरान पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला स्तर पर तैयारियां तेज
सरकार की ओर से मुख्य अतिथियों की सूची जारी होने के बाद प्रदेश के सभी 33 जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन द्वारा ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।





