रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के सहयोग से आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग ऑन ग्रीन स्टील’ में प्रदेश को ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। प्रस्तावित परियोजनाओं से करीब 10,921 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

स्टील उत्पादन से आगे बढ़कर वैल्यू एडिशन पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्टील और खनन छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान की मजबूत नींव हैं। अब प्रदेश का लक्ष्य केवल स्टील उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि यहां उत्पादित स्टील का अधिकतम मूल्य संवर्धन प्रदेश के भीतर ही करना होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कच्चे या प्राथमिक स्टील को प्रदेश से बाहर भेजने के बजाय यहीं ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, रेलवे उपकरण, रक्षा सामग्री और सौर ऊर्जा उपकरण जैसे डाउनस्ट्रीम एवं स्पेशियलिटी उत्पादों में बदला जाना चाहिए।
वैल्यू एडिशन से छत्तीसगढ़ में बढ़ेंगे रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब स्टील से जुड़े उत्पादों का मूल्य संवर्धन छत्तीसगढ़ में होगा, तो इसका सीधा लाभ प्रदेश के युवाओं को मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी राज्य के भीतर ही पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में निवेश करने वाले उद्योगपतियों और निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
ग्रीन स्टील पर छत्तीसगढ़ का फोकस
ग्रीन स्टील की बढ़ती वैश्विक मांग के बीच छत्तीसगढ़ में इस क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। निवेश प्रस्तावों और रोजगार के संभावित अवसरों को प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






