घरघोड़ा। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर विकासखंड घरघोड़ा अंतर्गत ग्राम कोटरीमाल में शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने की सराहनीय पहल की गई। हाई स्कूल कोटरीमाल के व्याख्याता श्री संजीव कुमार पटेल ने अपने स्वर्गीय पिता स्व. श्री जयकुमार पटेल की स्मृति में स्व. श्री जयकुमार पटेल स्मृति प्रोत्साहन पुरस्कार की शुरुआत की।

मेधावी विद्यार्थियों को मिला नगद पुरस्कार
इस अवसर पर कक्षा पांचवीं में शासकीय प्राथमिक शाला कोटरीमाल से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आशा अगरिया को 501 रुपये, माध्यमिक शाला की कक्षा आठवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा सोनम साहू को 1,001 रुपये तथा हाई स्कूल कोटरीमाल की कक्षा दसवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कु. सितारा सिदार को 85.3 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 1,501 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतिवर्ष पुरस्कार देने की घोषणा
श्री संजीव कुमार पटेल ने राष्ट्रीय पर्व के पावन अवसर पर इस पुरस्कार की शुरुआत करते हुए घोषणा की कि अब यह प्रोत्साहन पुरस्कार प्रतिवर्ष मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन देना और उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास विकसित करना है।
शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह
इस अवसर पर श्री पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है तथा वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। स्वर्गीय पिता की स्मृति में शुरू की गई यह पहल शिक्षा के प्रति स्नेह और समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली है।
अंत में श्री संजीव कुमार पटेल ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






