चार दिवसीय प्रतियोगिता में खो-खो, व्हॉलीबाल और कबड्डी के मुकाबले, पहले दिन मैदान पर दिखा खिलाड़ियों का उत्साह
रायगढ़, 28 सितम्बर 2026/ 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ सोमवार को शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम, रायगढ़ में हुआ। जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग रायगढ़ के संयुक्त आयोजन में 01 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के पांच संभाग बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर एवं सरगुजा से आए बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चार दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी खो-खो, व्हॉलीबाल और कबड्डी में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे है। प्रतियोगिता के अंतर्गत 17 वर्ष आयु वर्ग में खो-खो एवं व्हॉलीबाल तथा 14 वर्ष आयु वर्ग में कबड्डी के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। खेल प्रतियोगिताएं रायगढ़ स्टेडियम, बोईरदादर में हो रही हैं।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, पार्षदगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी सहित पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ी, शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की आराधना एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। खेल भावना और अनुशासन के प्रतीक खेल ध्वज का आरोहण किया गया तथा प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई।
महापौर ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने प्रतियोगिता में शामिल पांचों संभागों के खिलाड़ियों का रायगढ़ में स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और उसे बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। महापौर ने कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अपने संभाग का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन रायगढ़ स्टेडियम, बोईरदादर में खो-खो अंडर-17 बालक- बालिका, व्हॉलीबाल अंडर-17 बालक-बालिका तथा कबड्डी अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली, वहीं खो-खो और व्हॉलीबाल में भी रोमांचक मुकाबले हुए।
कबड्डी में बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर ने दर्ज की जीत
अंडर-14 कबड्डी के पहले मुकाबले में दुर्ग संभाग ने बस्तर संभाग को 40-36 से हराया। दूसरे मुकाबले में बिलासपुर संभाग ने रायपुर संभाग को 40-13 से पराजित किया। इसके बाद सरगुजा और बिलासपुर के बीच हुए बालक वर्ग के मुकाबले में बिलासपुर ने 48-1 से जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में दुर्ग संभाग ने सरगुजा को 35-15 से हराया। वहीं बिलासपुर संभाग ने बस्तर को 63-13 से पराजित किया। बालिका वर्ग के एक अन्य मुकाबले में रायपुर संभाग ने बस्तर को 30-22 से हराकर जीत दर्ज की।
खो-खो में दुर्ग और बिलासपुर ने मारी बाजी
अंडर-17 खो-खो के बालिका वर्ग में दुर्ग संभाग ने रायपुर को एक पाली एवं दो अंकों से पराजित किया। बालक वर्ग के मुकाबले में दुर्ग संभाग ने रायपुर को आठ अंकों से हराया। वहीं बालिका वर्ग में बिलासपुर संभाग ने सरगुजा को एक पाली एवं 10 अंकों से पराजित किया।
व्हॉलीबाल में बस्तर और बिलासपुर विजयी
अंडर-17 बालिका व्हॉलीबाल के पहले मुकाबले में बस्तर संभाग ने रायपुर को 2-1 से हराया। दूसरे मुकाबले में बिलासपुर संभाग ने सरगुजा को 2-1 से पराजित कर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने मैदान में खेलप्रेमियों का उत्साह बढ़ाया। चार दिवसीय प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।






