‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, अफीम और कार समेत 8.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
रायगढ़, 26 अक्टूबर। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम और सिल्वर रंग की ब्रेजा कार जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8.10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर चौक के पास एक युवक ब्रेजा कार क्रमांक CG 13 AQ 4225 में अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने ढिमरापुर चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार के पास मौजूद युवक को पकड़ा। उसकी पहचान अमरजीत सिंह (20 वर्ष), पिता रघुवीर सिंह, निवासी रामभांठा, जगतपुर, सेंट माइकल स्कूल के सामने, रायगढ़ के रूप में हुई।
ड्राइवर सीट के नीचे छिपाकर रखी थी अफीम
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर कार की ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखी 47 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी मादक पदार्थ रखने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उसने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदने की बात बताई।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में अफीम और करीब 8 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक गणेश राठिया, ओसनिक विश्वाल, नवधा प्रसाद भैना और महिला आरक्षक हेमलता एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी की अपील—नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को दें
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।











