पहले दो क्वार्टर में मैनपाट का दबदबा, आखिरी दो क्वार्टर में बैलाडिला ने की शानदार वापसी; प्रहलाद बने स्ट्राइकर ऑफ द मैच, करण धनुक को मिला प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार
छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन खेले गए पहले मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। रोमांच से भरपूर यह मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ। ओलंपियन प्रदीप मोर की टीम मैनपाट टाइटन्स ने शुरुआती दो क्वार्टर में अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन ओलंपियन चिंगलेनसाना सिंह की टीम बैलाडिला बुल्स ने अंतिम दो क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए मैच बराबरी पर ला दिया।
शानदार प्रदर्शन के लिए प्रहलाद को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और करण धनुक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। चौथे मिनट में मैनपाट टाइटन्स ने सर्कल में प्रवेश कर पहला हमला किया, लेकिन बैलाडिला के डिफेंडरों ने गेंद को बाहर निकालकर इस प्रयास को नाकाम कर दिया। इसके बाद बैलाडिला ने जवाबी हमला किया, मगर वह भी गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
सातवें मिनट में मैनपाट के प्रहलाद टांडी को सर्कल के अंदर गोल करने का शानदार अवसर मिला। हालांकि, बैलाडिला के गोलकीपर ने तेजी से आगे बढ़कर उनके प्रयास को विफल कर दिया। लगातार हमलों के बीच बैलाडिला बुल्स को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे संदीप ठाकुर ने गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद पहले क्वार्टर में कोई और गोल नहीं हुआ।
दूसरे क्वार्टर में मैनपाट ने बनाई बढ़त
दूसरे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने वापसी करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत की। हाफ टाइम से कुछ मिनट पहले प्रहलाद ने सर्कल के अंदर शानदार दौड़ लगाकर गेंद प्रवीण यादव की ओर बढ़ाई। प्रवीण ने बेहतरीन डिफ्लेक्शन के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ मैनपाट ने स्कोर 2-0 कर लिया।
पहले हाफ के प्रदर्शन से मैनपाट टाइटन्स की स्थिति मजबूत नजर आ रही थी, लेकिन मुकाबले का रुख अगले दो क्वार्टर में पूरी तरह बदल गया।
बैलाडिला की जोरदार वापसी, स्कोर हुआ बराबर
तीसरे क्वार्टर में बैलाडिला बुल्स ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए मैनपाट के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। कई बार सर्कल में प्रवेश करने के बाद टीम को सफलता मिली। जसकरण सिंह ने सर्कल के अंदर से राहुल यादव की ओर गेंद फ्लिक की, जिसे राहुल ने गोल में बदलकर अंतर कम कर दिया।
चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही जसकरण सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। इस गोल के साथ बैलाडिला बुल्स ने मुकाबले में 2-2 से बराबरी हासिल कर ली। इसके बाद सर्कल के बाहर से लगाए गए टोमाहॉक शॉट के चलते बैलाडिला को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन मैनपाट के गोलकीपर अल्फाज खान ने शानदार बचाव करते हुए गोल होने से रोक दिया।
अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने दागे गोल
मुकाबले के अंतिम चरण में मैनपाट टाइटन्स के प्रहलाद को सर्कल के अंदर खाली जगह मिली। उन्होंने शानदार रिवर्स फ्लिक लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी।
हालांकि, बैलाडिला बुल्स ने हार नहीं मानी। मैच समाप्त होने के करीब निहाल हुसैन अंसारी ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर शानदार शॉट लगाकर बराबरी का गोल दाग दिया। इसके साथ ही मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ।











