रायगढ़। दीपावली पर्व के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत शहर में पांच स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, भीड़भाड़ वाले कुछ मार्गों को एकांगी मार्ग घोषित करते हुए निर्धारित स्थानों पर प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। पांच प्रमुख स्थानों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
इन 5 स्थानों पर मिलेगी पार्किंग की सुविधा
यातायात विभाग ने बाजार आने वाले ग्राहकों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए अस्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें शामिल हैं—
- सावड़िया भवन प्रांगण।
- गांधी गंज परिसर।
- रामलीला मैदान।
- नगर निगम कॉम्प्लेक्स (पुराना जिला शिक्षा कार्यालय)।
- श्याम टॉकीज परिसर।
यातायात पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले ग्राहकों को इन पार्किंग स्थलों की जानकारी दें, ताकि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न हों और यातायात बाधित न हो।
इन मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित
शहर में यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए कुछ मार्गों को एकांगी मार्ग के रूप में संचालित किया जा रहा है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार इन मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा—
- हण्डी चौक से हटरी चौक मार्ग।
- केवड़ाबाड़ी चौक से हटरी चौक मार्ग।
- गौरीशंकर मंदिर तिराहा से न्यू मार्केट तिराहा मार्ग।
- मालधक्का तिराहा से गांधी प्रतिमा तिराहा मार्ग।
इन 5 स्थानों पर बनाए गए डायवर्सन पॉइंट
यातायात व्यवस्था के संचालन और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने के लिए पांच स्थानों को डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है—
- गांधी प्रतिमा।
- रेलवे स्टेशन चौक।
- शहीद चौक।
- गोगा राइस मिल।
- गद्दी चौक।
इन स्थानों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
यातायात पुलिस ने शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया है। इनमें गांधी प्रतिमा, गोगा राइस मिल, हण्डी चौक, सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक) और गद्दी चौक शामिल हैं।
व्यापारियों से यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने व्यापारी बंधुओं, गणमान्य नागरिकों और ग्राहकों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। व्यापारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने वालंटियर या गार्ड तैनात करें, ताकि अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित किया जा सके।
इसके अलावा दुकानों का सामान बाहर निकालकर सड़क या रास्ते पर प्रदर्शन नहीं करने, प्रतिष्ठान में काम करने वाले कर्मचारियों के वाहनों को यथासंभव निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवाने और सुरक्षा की दृष्टि से दुकानों के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और मार्गों पर जारी प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है, ताकि दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए आने-जाने वाले लोगों को अनावश्यक जाम और परेशानी का सामना न करना पड़े।











