रायगढ़। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। थाना पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर 6 आरोपियों को पकड़ा, जबकि लैलूंगा पुलिस ने चोरी की एक पल्सर बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी के साथ संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की मोटरसाइकिलें
थाना पूंजीपथरा में 2 नवंबर 2026 को बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने अपनी बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BM 6316 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताई गई। प्रार्थी के अनुसार, उसने 30 अक्टूबर की शाम बाइक अपने कमरे के सामने खड़ी की थी, जहां से अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 286/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी दौरान एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर के जंगल में मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि तांबा चोरी के मामले में जेल से रिहा हुआ राजू चौहान अपने साथियों के साथ फिर सक्रिय है। संदेह के आधार पर पुलिस ने राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।
तराईमाल और उर्दना क्षेत्र से 9 बाइक और 2 मोबाइल चोरी करना स्वीकार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी करने के लिए मिलकर योजना बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात में क्षेत्र में घूमकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे।
आरोपियों ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से कुल 9 मोटरसाइकिलें तथा 2 मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 6 लाख 12 हजार रुपये कीमत की 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद वाहनों में से कुछ के संबंध में थाना पूंजीपथरा और कोतवाली रायगढ़ में चोरी के मामले दर्ज हैं।
बरामद वाहनों में बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG और टीवीएस विक्टर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने के कारण प्रकरण में बीएनएस की धारा 112(2) भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पूर्व में भी बाइक चोरी एवं तांबा चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
पूंजीपथरा मामले में गिरफ्तार आरोपी:
- राजू चौहान, पिता लालसाय चौहान, उम्र 22 वर्ष, निवासी सलखिया, थाना लैलूंगा, हाल मुकाम तराईमाल।
- लक्की सिदार, पिता विजय भारतेंदु, उम्र 19 वर्ष, निवासी तराईमाल, थाना पूंजीपथरा।
- राजेश श्रीवास, पिता विजय श्रीवास, उम्र 21 वर्ष, निवासी छाल, हाल मुकाम धनवारपारा तराईमाल।
- बीर सिंह उर्फ लाल सिंह भगत, पिता रत्थो भगत, उम्र 20 वर्ष, निवासी राताईमाल, जिला रायगढ़।
- सूर्यदेव राम, पिता विनोद राम, उम्र 18 वर्ष 20 दिन, निवासी बाबुसाजबहार, थाना तुमला, जिला जशपुर, हाल मुकाम खान कॉलोनी तराईमाल।
- एक विधि से संघर्षरत बालक।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल, सुरेश खुंटे और सिकंदर तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर के साथ दो आरोपी पकड़े
दूसरी कार्रवाई में लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना लैलूंगा में 29 अक्टूबर 2026 को ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर निवासी पुरुषोत्तम पैकरा ने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MV 9707 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रार्थी के अनुसार, 26 अक्टूबर को उसने ग्राम राताखण्ड के मेन रोड किनारे मोटरसाइकिल खड़ी की थी और कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की मोटरसाइकिल अपने पास रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने बाइक बेचने की नीयत से उसके कुछ पार्ट्स में बदलाव कर उसे मॉडिफाई करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की।
लैलूंगा मामले में गिरफ्तार आरोपी:
- अनिश यादव, पिता शिवचरण, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजपुर फुटुपारा, थाना लैलूंगा।
- निलेश यादव, पिता गोविंद गादय, उम्र 22 वर्ष, निवासी पहाड़ लुडेग, थाना लैलूंगा।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, आरक्षक विनोद कुजूर, उमेश साय और राजू तिग्गा का योगदान रहा।
वाहन चोरी के अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी : एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की टीमों ने सूचना तंत्र और आपसी समन्वय के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
उन्होंने बताया कि वाहन चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की भी पतासाजी की जा रही है। जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।











