सोशल मीडिया पर जल्दी पैसा कमाने के तरीके तलाशते हुए बच्चों के अंग बेचने का आया था विचार, पुलिस ने शव समेत हत्या में इस्तेमाल चाकू और अन्य सामग्री की बरामद
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में 4 से 5 वर्षीय मासूम बालक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने 27 वर्षीय आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान बच्चे की हत्या करने और उसके शरीर से अंग निकालने की बात स्वीकार की है। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने शव, हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य सामग्री बरामद की है।
5 नवंबर से लापता था मासूम, दो दिन बाद खेत में मिला शव
पुलिस के मुताबिक, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम ने 7 नवंबर को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेन्द्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार करीब एक साल से मजदूरी के सिलसिले में सन्ना में रह रहा था। वह आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था।
परिजनों के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह बासुदेव उर्फ टंगनू उनके घर के पास आया था। वह रामजीत राम और एक अन्य परिचित को अपने साथ शराब पीने ले गया। इसके बाद रामजीत और दूसरा व्यक्ति बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि आरोपी अपनी झोपड़ी की तरफ लौट गया। बाद में घर पहुंचने पर रामजीत का बेटा गायब मिला। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बच्चे को आरोपी के साथ खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखने की जानकारी दी।
खेत के गड्ढे में बोरी के अंदर मिला बालक का शव
दो दिनों तक तलाश के बाद 7 नवंबर की सुबह परिजन सन्ना गांव के आसपास खेतों में बच्चे को खोज रहे थे। इसी दौरान एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी मिली। बोरी के अंदर बालक का शव कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ था तथा ऊपर से मिट्टी डाली गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके तलाश रहा था आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था और एक खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था और अधिक पैसा कमाने के लिए सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था।











