दुर्ग। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने एकजुट होकर धारदार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह और अन्य आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
विवाद के बाद साथियों को बुलाकर किया हमला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक विजय अग्रवाल से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की रात राजीव नगर निवासी समारू राम देवांगन ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मृतक चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन का आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया और एकजुट होकर हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
हमले में चंदन प्रसाद देवांगन को गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने निरीक्षक नवीन राजपूत के नेतृत्व में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) एवं 331(8) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
दो नाबालिगों समेत 10 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में साक्ष्य मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ वयस्क आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह तथा अन्य आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पंकज ठाकुर (28), निखिल ठाकुर (20), खूबलाल ठाकुर उर्फ छोटी (22), संगीता ठाकुर (35), पुष्पा ठाकुर (30), योगिता ठाकुर (18), संदीप ठाकुर (42) और सत्या साहू (18) शामिल हैं। सभी आरोपी वार्ड क्रमांक 4, राजीव नगर, दुर्ग के निवासी हैं। इनके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।











