रुचि प्रधान ने हासिल किया तीसरा स्थान, 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि जीती; घितेश को मिला सांत्वना पुरस्कार
रायगढ़, 18 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव सप्ताह-2026 के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता में शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय, रायगढ़ के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय की कक्षा 10वीं की छात्रा रुचि प्रधान ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त की। वहीं कक्षा 11वीं के छात्र घितेश ने पांचवां स्थान हासिल कर सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
नवा रायपुर में आयोजित हुई प्रतियोगिता
आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, नवा रायपुर द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 14 नवंबर को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, नवा रायपुर में आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और जनजातीय महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना था।
प्रदेशभर के विद्यार्थियों के बीच दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रायगढ़ के प्रयास आवासीय विद्यालय के दो विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। रुचि प्रधान ने अपनी तैयारी और प्रतिभा के दम पर तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि घितेश ने पांचवां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अधिकारियों और शिक्षकों ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग रायगढ़ एस.के. दुबे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी सह प्राचार्य के.एन. तिवारी ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नियमित पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाता है। दोनों विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।











