गीधपुरी की शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में बिक्री की रकम में हेराफेरी का आरोप, प्लेसमेंट एजेंसी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
बिक्री की रकम में हेराफेरी का आरोप: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के गीधपुरी स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में 20 लाख रुपये से अधिक की राशि के गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान में पदस्थ सेल्समैन ने दीपावली के दौरान शराब बिक्री से प्राप्त रकम में लगातार हेराफेरी की और लाखों रुपये लेकर फरार हो गया।
13 नवंबर को जांच में खुला मामला: मिली जानकारी के अनुसार, गीधपुरी शराब दुकान में गेवेंद्र बंजारे सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि दीपावली के दौरान शराब बिक्री से मिलने वाली रकम में वह धीरे-धीरे गड़बड़ी करता रहा। 13 नवंबर को विभागीय अधिकारियों ने दुकान पहुंचकर बिक्री की राशि और लेखा-जोखा का मिलान किया। इस दौरान 20 लाख रुपये से अधिक की रकम का हिसाब नहीं मिला।
जांच के बाद दुकान से गायब हुआ सेल्समैन: वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद संबंधित सेल्समैन दुकान से गायब हो गया। इसके बाद मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों और प्लेसमेंट एजेंसी को दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध: प्लेसमेंट एजेंसी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सेल्समैन गेवेंद्र बंजारे के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











