भोपाल। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय महिला हॉकी टीम आज अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी। घरेलू मैदान पर मेजबान भारत का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाने वाला यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा। पहले मैच में मलेशिया को 4-1 से हराने के बाद भारतीय टीम की नजरें लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर रहेंगी।
पहले मैच में मलेशिया को दी थी शिकस्त
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। पहले मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराकर जीत के साथ अभियान शुरू किया था। अब दक्षिण कोरिया के खिलाफ भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। टीम का लक्ष्य जीत की लय बनाए रखते हुए टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करना है।
आज खेले जाएंगे तीन मुकाबले
नाथू बरखेड़ा के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आज कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय टीम के मैच को लेकर स्थानीय दर्शकों में खास उत्साह है। घरेलू मैदान और दर्शकों के समर्थन के बीच भारतीय खिलाड़ियों के सामने दक्षिण कोरिया को हराने की चुनौती होगी।











