आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारी, 65 पार के लक्ष्य के साथ जनआशीर्वाद यात्रा और संवाद कार्यक्रमों की बनेगी रणनीति
हरिद्वार में जुटेंगे भाजपा के वरिष्ठ नेता
उत्तराखंड के हरिद्वार में आज भाजपा की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। संगठन और सरकार में लंबे अनुभव के आधार पर उनका मार्गदर्शन प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
65 पार के लक्ष्य पर पार्टी का फोकस
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने देहरादून पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए रणनीति बनाने और दिसंबर तक प्रदेशभर में जनआशीर्वाद यात्रा व संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य दिया था।
बूथ से जिला स्तर तक बनेगी चुनावी रणनीति
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सभी सदस्य और प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसके साथ ही बूथ, मंडल और जिला स्तर तक पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।
हर विधानसभा तक पहुंचेगी जनआशीर्वाद यात्रा
महेंद्र भट्ट के मुताबिक, पार्टी जनआशीर्वाद यात्रा और सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा तक पहुंचेगी। बैठक में इन कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की दिशा में काम कर रही है।











