धनवार जांच नाके पर प्रशासन की दबिश, दस्तावेज नहीं मिलने पर धान सहित वाहन जब्त; जिले में बनाए गए हैं 24 चेक पोस्ट
धनवार नाके पर पकड़ा गया धान से भरा वाहन
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध परिवहन और बिचौलियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश सीमा स्थित धनवार जांच नाके पर प्रशासनिक टीम ने 120 क्विंटल धान से भरे एक मेटाडोर वाहन को जब्त किया है।
दस्तावेज नहीं मिलने पर हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान मेटाडोर में बड़ी मात्रा में धान लोड मिला। वाहन में रखे धान से संबंधित दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद अतिरिक्त तहसीलदार की टीम ने धान सहित मेटाडोर वाहन को जब्त कर लिया।
जिले में बनाए गए 24 चेक पोस्ट
अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने जिलेभर में निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। इसके तहत कुल 24 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इन जांच केंद्रों पर दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले धान और संदिग्ध वाहनों की निगरानी की जा रही है। प्रशासन की टीम लगातार जांच अभियान चलाकर अवैध परिवहन पर कार्रवाई कर रही है।











