‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ थीम पर 17 अगस्त तक जिले में होंगे विभिन्न आयोजन
रायगढ़, 9 अगस्त 2026। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ थीम पर 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ना है।
कमला नेहरू पार्क में हुआ तिरंगा प्रतिज्ञा कार्यक्रम
इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा शहर के कमला नेहरू पार्क में तिरंगा प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों के साथ एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने तिरंगा प्रतिज्ञा लेकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता-अखंडता और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिल्पा भगत, जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू, एडिशनल सीईओ श्री नीलाराम पटेल, डीएमसी श्री आलोक स्वर्णकार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी तथा एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स मौजूद रहे।
सीईओ ने विद्यार्थियों को दिलाई तिरंगा प्रतिज्ञा
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे ने विद्यार्थियों को तिरंगा प्रतिज्ञा दिलाते हुए राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसके प्रति सम्मान की भावना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की आन-बान-शान तथा देश की एकता, अखंडता, त्याग और गौरव का प्रतीक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि दैनिक जीवन के व्यवहार और कर्तव्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। ईमानदारी, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, अपने घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया।
योगाभ्यास के साथ स्वस्थ जीवन और स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास भी किया। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और मानसिक एकाग्रता का संदेश दिया गया। वहीं ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कमला नेहरू पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ राष्ट्रगीत, तिरंगा प्रतिज्ञा और योगाभ्यास में हिस्सा लिया। एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स की सहभागिता ने कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया।
17 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ थीम के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 9 अगस्त को तिरंगा प्रतिज्ञा कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत हुई। 10 अगस्त को जिले के सभी स्कूलों में तिरंगा फहराया जाएगा।
11 अगस्त को स्कूल एवं कॉलेजों में ‘वंदे मातरम्’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 12 अगस्त को साइकिल रैली निकाली जाएगी, जिसमें विद्यार्थी और युवा हिस्सा लेंगे। वहीं 14 अगस्त को देश के विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस मनाया जाएगा।
इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के दौरान नागरिकों को अपने घरों में तिरंगा फहराने, राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।





