पत्रकार हीरालाल राठिया लैलूंगा रायगढ़

विद्यार्थियों से संवाद कर सुविधाओं की ली जानकारी, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने दिए निर्देश
रायगढ़, 27 अगस्त 2026/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले के छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व अधिकारियों ने मिरीगुड़ा, खम्हार एवं बाकारुमा स्थित प्री एवं पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।
मिरीगुड़ा एवं खम्हार छात्रावासों में विद्यार्थियों ने भोजन की गुणवत्ता अच्छी होने तथा मेनू के अनुसार भोजन मिलने की जानकारी दी। स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पंखे एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की मांग पर खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा मच्छरदानी के नियमित उपयोग के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने को कहा गया, ताकि उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहे।
बाकारुमा छात्रावास में स्वच्छता, शौचालय एवं परिसर की प्रकाश व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। वहीं खम्हार में निर्माणाधीन स्मार्ट क्लास का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक पहल करने को कहा गया। निरीक्षण का उद्देश्य छात्रावासों में सुविधाओं का सतत उन्नयन और विद्यार्थियों के लिए बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करना रहा।







