रायगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य एवं आदिवासी लोक कला महोत्सव का भव्य आयोजन, विभिन्न जिलों के कलाकारों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
रायगढ़। संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में 13 नवंबर को राज्य स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कृषि मंत्री एवं रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और लोककलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा।

महापुरुषों के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और वीरांगना रानी दुर्गावती सहित अन्य महापुरुषों के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया।

जनजातीय संस्कृति छत्तीसगढ़ की पहचान : रामविचार नेताम
मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं से है। जनजातीय समाज ने देश की आजादी की लड़ाई और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और वीरांगना रानी दुर्गावती का त्याग, संघर्ष और बलिदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान देना और नई पीढ़ी को उनके गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना है।
प्रधानमंत्री जनमन योजना से जनजातीय क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से सड़क, बिजली, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाए जनजातीय विरासत
मंत्री नेताम ने कहा कि जनजातीय समाज के पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत, लोककलाएं और रीति-रिवाज हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी कला का प्रदर्शन करने और इस अवसर का पूरा लाभ उठाने की शुभकामनाएं दीं।
लोकनृत्य और पारंपरिक वेशभूषा ने मोहा दर्शकों का मन
महोत्सव में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, वाद्ययंत्रों और आकर्षक नृत्य शैलियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत किया। प्रस्तुतियों में जनजातीय समाज की परंपराओं, प्रकृति से जुड़ाव और सामूहिक जीवनशैली की झलक देखने को मिली। इस आयोजन ने अलग-अलग जिलों के कलाकारों को अपनी सांस्कृतिक पहचान और प्रतिभा प्रदर्शित करने का साझा मंच उपलब्ध कराया।
दोनों महोत्सवों में विजेताओं को नकद पुरस्कार
उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कलाकार को 2 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 1 लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
इसी तरह शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव में प्रथम विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय विजेता को 50 हजार रुपये और तृतीय विजेता को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।











