27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांचे गए नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 19 से 21 प्रतिशत के बीच मिली। इंटरनेट मीडिया पर वायरल तस्वीर को लेकर कंपनी ने दी सफाई।
893 नमूनों की जांच में गुणवत्ता सही
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने स्पष्ट किया है कि देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांचे गए ई20 पेट्रोल के सभी 893 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानक के अनुरूप पाई गई है। कंपनी के मुताबिक, नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 19 से 21 प्रतिशत के बीच रही।
बीपीसीएल ने 280 नमूनों का किया परीक्षण
कंपनी ने यह स्पष्टीकरण ई20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर इंटरनेट मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच दिया है। बीपीसीएल के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सेंटर फॉर हाई टेक्नोलॉजी (सीएचटी) के समन्वय से गुणवत्ता निगरानी जांच की थी। इस प्रक्रिया में बीपीसीएल ने 280 नमूनों का परीक्षण किया।
वायरल तस्वीर को लेकर बताई पूरी प्रक्रिया
यह मामला कर्नाटक स्थित बीपीसीएल के एक पेट्रोल पंप पर उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किए गए एथेनॉल पृथक्करण परीक्षण की तस्वीर सामने आने के बाद चर्चा में आया। कंपनी ने बताया कि परीक्षण के दौरान 100 मिलीलीटर ई20 पेट्रोल में 30 मिलीलीटर पानी मिलाया जाता है। इससे एथेनॉल और पेट्रोल की परतें अलग होती हैं।
बीपीसीएल के मुताबिक, मिश्रण का शुरुआत में धुंधला या दूधिया दिखाई देना सामान्य प्रक्रिया है। दोनों परतों को पूरी तरह अलग होने में कुछ समय लगता है।
परीक्षण पूरा होने से पहले साझा हुई थी तस्वीर
कंपनी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित तस्वीर परीक्षण पूरा होने से पहले साझा की गई थी। इस वजह से उसमें अंतिम परिणाम के बजाय प्रक्रिया का शुरुआती चरण दिखाई दे रहा था। गलतफहमी की आशंका के चलते संबंधित अधिकारी ने पोस्ट हटा दी थी। बीपीसीएल के अनुसार, जांच में संबंधित नमूना भी निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया।
बीआईएस मानकों के अनुसार होती है गुणवत्ता जांच
बीपीसीएल ने कहा कि उसके पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध ई20 ईंधन की गुणवत्ता की निगरानी भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के आईएस 17021 मानकों के अनुसार की जाती है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ईंधन की गुणवत्ता को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले प्रमाणित जांच प्रक्रियाओं पर भरोसा करें।











