सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027: 10वीं और 12वीं के छात्रों की वैचारिक समझ, तार्किक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को मिलेगा महत्व, दिसंबर में जम्मू में होगी राष्ट्रीय स्तर की बैठक
रटने के बजाय समझ पर होगा जोर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर मूल्यांकन प्रक्रिया में बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाया है। बोर्ड की ओर से जारी नए सर्कुलर में संकेत दिए गए हैं कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को अधिक प्रभावी और समझ आधारित बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत छात्रों की केवल याददाश्त नहीं, बल्कि विषयों की वास्तविक समझ और उनके व्यावहारिक उपयोग की क्षमता को भी महत्व दिया जाएगा।
NEP 2020 के अनुरूप तैयार होगा मूल्यांकन ढांचा
सीबीएसई के सर्कुलर के मुताबिक, नई मूल्यांकन व्यवस्था का उद्देश्य यह समझना है कि विद्यार्थी ने किसी विषय को वास्तव में कितना सीखा और समझा है। अब केवल परिभाषाएं और किताबों में दिए गए जवाब लिखने के बजाय छात्रों की वैचारिक समझ, तार्किक क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान को परखने पर ध्यान दिया जाएगा। सिटी कोऑर्डिनेटर सुमंत कुमार के अनुसार, प्रस्तावित मूल्यांकन ढांचे को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल बोर्ड ने मौजूदा परीक्षा पैटर्न में तत्काल बदलाव की घोषणा नहीं की है।
17 और 18 दिसंबर को जम्मू में होगा राष्ट्रीय सम्मेलन
प्रस्तावित मूल्यांकन नीति को लेकर आगे की रणनीति तैयार करने के लिए 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में सीबीएसई का 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस बार सम्मेलन की थीम ‘मूल्यांकन: वैश्विक दृष्टिकोण और भविष्य के लिए तैयार शिक्षार्थी’ रखी गई है। इसमें देशभर के स्कूल प्राचार्य और शिक्षाविद शामिल होकर परीक्षा मूल्यांकन के नए तरीकों पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में पारंपरिक अंक आधारित व्यवस्था से आगे बढ़कर विद्यार्थियों की वास्तविक सीखने की क्षमता और व्यावहारिक समझ को परखने के तरीकों पर मंथन होगा।
10वीं-12वीं के छात्रों को बदलना पड़ सकता है पढ़ाई का तरीका
यदि योग्यता आधारित मूल्यांकन व्यवस्था को व्यापक स्तर पर लागू किया जाता है, तो विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई की रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है। केवल उत्तर याद करने के बजाय विषय के पीछे का तर्क समझना और उसे वास्तविक जीवन के उदाहरणों से जोड़ना जरूरी होगा। ऐसे में जो विद्यार्थी किसी विषय को अच्छी तरह समझकर अपने शब्दों में स्पष्ट जवाब और उपयुक्त उदाहरणों के साथ लिखेंगे, उन्हें इसका लाभ मिल सकता है।











