धरमजयगढ़ के भालूपखना गांव में खराब सोलर ड्यूल पंप की हुई मरम्मत, शिकायतकर्ता ने जताई संतुष्टि
रायगढ़, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 ग्रामीणों के लिए मददगार साबित हो रही है। इसका उदाहरण धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम भालूपखना के घुटरापारा में देखने को मिला, जहां शिकायत के बाद खराब सोलर ड्यूल पंप को ठीक कर पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी गई।
ग्राम निवासी नंद कुमार ने जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप बंद होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी। पंप खराब होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायत मिलने के बाद क्रेडा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मैकेनिक से पंप की जांच कराई। जांच में तकनीकी खराबी सामने आने पर आवश्यक मरम्मत कर पंप को दोबारा चालू कर दिया गया। अब पंप सुचारू रूप से काम कर रहा है, जिससे ग्रामीणों के साथ राहगीरों को भी पेयजल की सुविधा मिल रही है।
समस्या का समाधान होने पर शिकायतकर्ता नंद कुमार ने संतुष्टि जाहिर की। वहीं, ग्रामवासियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्या है सीएम हेल्पलाइन 1076?
सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम है। इस नंबर पर दर्ज शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी जाती हैं। इसके बाद अधिकारी शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हैं। समस्या का निराकरण होने के बाद शिकायतकर्ता से उसकी संतुष्टि भी जानी जाती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।











