गुरुकुल आश्रम सलखिया में गौ सेवा संगम अंतर्गत व्याख्यान के साथ जिला स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा सम्पन्न
लैलूंगा- गौ सेवा संगम के तत्वावधान में गुरुकुल आश्रम सलखिया में व्याख्यान कार्यक्रम के साथ जिला स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गौ माता की पूजन-अर्चना एवं आरती के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, खंड शिक्षा अधिकारी रवि सारथी, सभापति सुरेंद्र पटनायक उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में गौ माता के महत्व, गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति में गौ सेवा की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इस दिशा में आगे आने का आह्वान किया।
गुरुकुल आश्रम के संचालक जोगी राम आर्य ने इस आयोजन के लिए आश्रम को चुने जाने पर आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में संस्कार और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन कान्हू राम गुप्ता ने किया।
जिला स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा में विकासखंड के मिडिल स्कूल से 84, हाइस्कूल से 47 एवं कॉलेज से 2 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस प्रकार कुल 133 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा का आयोजन प्रांत प्रमुख गोवर्धन, संरक्षण समिति अन्ना सपारे, मनबोध बेहरा जिला संयोजक गौ विज्ञान परीक्षा, संतोष कुमार सिंह विकासखंड शिक्षा अधिकारी घरघोड़ा, जिला संरक्षक राजू कुमार दुबे एवं संदीप सारथी गौ सेवा आयोग ब्लॉक अध्यक्ष के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षार्थियों एवं उनके पालकों से मुलाकात की तथा आश्रम में संचालित गौशाला की सराहना करते हुए इसके संरक्षण एवं सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ ललित विश्वाल, दिनेश यादव, अरविंद राजपूत, शैलेश बेहरा, पंकज गुप्ता, वीरेंद्र पटेल,आशीष गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।








