गायतोंडे के बिना अधूरी है दृश्यम की कहानी
दृश्यम फ्रैंचाइजी का जिक्र हो और गायतोंडे तथा उसके यादगार वन-लाइनर्स याद न आएं, ऐसा मुमकिन नहीं। अब जब सीरीज का बहुप्रतीक्षित आखिरी अध्याय दृश्यम: द कन्क्लूजन रिलीज के लिए तैयार है, तो 2015 से विजय सलगांवकर और उसके परिवार की हर हरकत पर नजर रखने वाला यह किरदार एक बार फिर पर्दे पर लौट रहा है। इस बार गायतोंडे सलगांवकर परिवार को बेनकाब करने में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता और इसके लिए वह एसीपी क्राइम ब्रांच अधिकारी राजवीर सिंह तोमर, जिसका किरदार जयदीप अहलावत निभा रहे हैं, के साथ मिलकर केस की परतें खोलने में जुट जाता है।
अजय देवगन के साथ ‘खाकी’ से शुरू हुआ सफर
अजय देवगन के साथ अपने जुड़ाव को याद करते हुए अभिनेता कमलेश सावंत ने दृश्यम के सेट से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि साल 2004 में राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘खाकी’ में उन्होंने अजय देवगन के साथ काम किया था। इसके करीब 11 साल बाद दोनों गोवा में दृश्यम की शूटिंग के दौरान दोबारा साथ आए। सावंत ने बताया कि वे आमतौर पर शूटिंग सेट पर किसी बड़े कलाकार को खुद से जाकर डिस्टर्ब नहीं करते और अपने किरदार तथा अपने शॉट्स पर ही ध्यान केंद्रित रखते हैं।
अजय देवगन ने खुद पहचानकर की बातचीत
सावंत ने आगे बताया कि एक दिन अजय देवगन ने उन्हें सेट पर देखा और खुद उनके पास आकर पुरानी फिल्मों का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत शुरू की। इसके बाद अजय देवगन ने कहा कि अब सभी को यह जानने की उत्सुकता है कि गायतोंडे का किरदार कौन निभा रहा है, इसलिए इस किरदार को और दमदार बनाना चाहिए। इस पर सावंत ने जवाब दिया कि वे इस किरदार के साथ पूरा न्याय करने की कोशिश करेंगे। सावंत ने कहा कि उनके जैसे कैरेक्टर एक्टर के लिए यह बेहद खास पल था कि एक बड़े कलाकार ने खुद चलकर आकर उनसे बातचीत की।
आखिरी अध्याय में और बड़ा होगा दांव
दृश्यम: द कन्क्लूजन फ्रैंचाइजी के अंतिम अध्याय के रूप में सामने आ रही है, जिसमें सलगांवकर परिवार के सामने पहले से कहीं बड़ी चुनौती खड़ी होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या विजय सलगांवकर आखिरी बार भी कानून को मात देने में कामयाब हो पाता है या नहीं।
कलाकारों की मजबूत टोली, जल्द होगी रिलीज
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन, तबू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। स्टार स्टूडियोज 18 की प्रस्तुति और पनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म की कहानी अभिषेक पाठक, आमिल कियान खान और परवेज शेख ने लिखी है। दृश्यम: द कन्क्लूजन 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।






