सेवा संकल्प अभियान के तहत सोनादाह स्कूल में अनूठी पहल, जनप्रतिनिधियों और शिक्षाधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर किया साझा पठन
बम्हनीडीह। सेवा संकल्प अभियान के तहत बम्हनीडीह विकासखंड में बच्चों के पठन कौशल को मजबूत करने और पढ़ने में झिझक दूर करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शासकीय प्राथमिक शाला सोनादाह में बच्चों के साथ साझा पठन का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समिति के पदाधिकारियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर स्वयं पठन गतिविधि में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में बीईओ बसंत चतुर्वेदी, बीआरसी हिरेंद्र बेहार, सरपंच प्रतिनिधि गोविंदा खूंटे, शाला विकास समिति अध्यक्ष सेवक राम बघेल सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने बच्चों के साथ पुस्तकें पढ़ीं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अपने बीच बैठकर पढ़ते देख बच्चों में उत्साह और आत्मीयता का माहौल नजर आया।
कम पठन स्तर वाले बच्चों में दिखी सीखने की ललक
साझा पठन का प्रमुख उद्देश्य निम्न पठन स्तर वाले बच्चों के पठन कौशल में सुधार करना है। गतिविधि के दौरान ऐसे बच्चे भी बेहतर पठन स्तर वाले बच्चों के साथ पढ़ने का प्रयास करते नजर आए, जो सामान्य परिस्थितियों में पढ़ने में झिझक महसूस करते हैं। बच्चों में पुस्तक पढ़ने के प्रति रुचि और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया।
एक साथ बैठे शिक्षक, अधिकारी और बच्चे
साझा पठन ने कक्षा के पारंपरिक माहौल को भी बदल दिया। शिक्षक, अधिकारी और जनप्रतिनिधि जब बच्चों के साथ बैठकर पढ़ने लगे तो बच्चों में अपनत्व और आत्मविश्वास बढ़ता दिखाई दिया। पढ़ने में संकोच करने वाले बच्चे भी गतिविधि में सक्रिय होकर सहभागी बने।
साझा पठन बना निरंतर सीखने का अभियान
बीईओ बसंत चतुर्वेदी ने बताया कि बम्हनीडीह विकासखंड में बच्चों के पठन कौशल को बेहतर बनाने, पढ़ने की झिझक दूर करने और निम्न पठन स्तर वाले बच्चों में सीखने की ललक पैदा करने के उद्देश्य से साझा पठन अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि साझा पठन केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर पठन स्तर तक पहुंचाने की निरंतर यात्रा है। यह अभियान ‘मेरी तैयारी—मेरी सफलता’ पहल का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर सरपंच सीमा गोविंदा खूंटे, सेवक राम बघेल (अध्यक्ष, शाला विकास समिति), हेमंत खूंटे, जगमोहन चंद्रा, रूप नारायण कुर्रे, बिहारी निराला सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।







