India Mobile Congress 2026: नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में मोबाइल और डिजिटल तकनीक के बदलते प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में मोबाइल कम्युनिकेशन गुड गवर्नेंस का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में India Mobile Congress (IMC) 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन में 100 से अधिक देशों के डेढ़ लाख से ज्यादा प्रतिनिधियों के साथ दुनिया भर की प्रमुख टेक कंपनियां और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत के टेलीकॉम सेक्टर में पिछले वर्षों के बदलावों और भविष्य की तकनीकों पर चर्चा की।
मोबाइल से आसान हुई बैंकिंग और सरकारी सेवाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों में मोबाइल कम्युनिकेशन देश में Good Governance का प्रभावी टूल बन गया है। पहले बैंक, अस्पताल और सरकारी दफ्तरों से जुड़ी सेवाओं के लिए लोगों को शहरों तक जाना पड़ता था। इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों पर पड़ता था, लेकिन डिजिटल तकनीक और मोबाइल कनेक्टिविटी ने इन सेवाओं को लोगों के हाथों तक पहुंचा दिया है।
DBT से पारदर्शिता, लीकेज पर लगा अंकुश
पीएम मोदी ने Direct Benefit Transfer (DBT) और डिजिटल सिस्टम का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पुरानी व्यवस्था में लीकेज के कारण करीब 5 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में चले जाते थे, जिसे डिजिटल व्यवस्था के जरिए रोकने में सफलता मिली है।
प्रधानमंत्री ने PM Kisan Samman Nidhi का उदाहरण देते हुए कहा कि आज करोड़ों किसानों को बिना बिचौलियों के पारदर्शी तरीके से आर्थिक सहायता मिल रही है।
6 करोड़ से 100 करोड़ ब्रॉडबैंड यूजर्स
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के विस्तार को देश की डिजिटल प्रगति का बड़ा संकेत बताया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में देश में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या करीब 6 करोड़ से बढ़कर 100 करोड़ तक पहुंच गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत दुनिया के उन प्रमुख देशों में शामिल है, जहां मोबाइल डेटा बेहद किफायती दरों पर उपलब्ध है। देश में 1GB मोबाइल डेटा की औसत कीमत करीब 8 रुपये के आसपास बताई गई।
Mobile Consumer से Manufacturer और Creator बना भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत अब केवल मोबाइल फोन का Consumer नहीं रह गया है, बल्कि देश Manufacturer और Creator के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में Semiconductor Ecosystem तेजी से विकसित हो रहा है और आने वाले समय में डिजाइन तथा टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में देश की भूमिका और मजबूत होगी।
AI, Pre-6G और Satcom पर दुनिया की नजर
India Mobile Congress 2026 में इस बार भविष्य की तकनीकों पर भी खास फोकस किया गया है। आयोजन में AI-based Pre-6G Network, Satcom और अन्य नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इससे भारत के तेजी से बदलते टेलीकॉम और डिजिटल इकोसिस्टम की तस्वीर सामने आ रही है।






