ताड़ोकी–रावघाट और अभनपुर–कुरूद रेल लाइन का उद्घाटन, नई यात्री सेवाएं होंगी शुरू; रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की रखी जाएगी आधारशिला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में आज महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। राज्य में दो रेल परियोजनाओं का उद्घाटन होगा और रावघाट–रायपुर तथा रायपुर–कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत की जाएगी। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी। इसके साथ ही रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। इस पहल से दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की उम्मीद है।
1,628 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई रावघाट रेल लाइन
दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर लंबे रेलखंड का काम पूरा होने के साथ ही यह महत्वपूर्ण चरण संपन्न हुआ है।
रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होने से स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की जरूरतों को पूरा करने के लिहाज से भी यह रेल लाइन महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अभनपुर–कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेलखंड का उद्घाटन
अभनपुर और कुरूद के बीच 22 किलोमीटर लंबी ब्रॉडगेज रेल लाइन का काम भी पूरा हो चुका है। इसके उद्घाटन से क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे दैनिक यात्रा और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
अभनपुर–राजिम रेलखंड पर गेज परिवर्तन के बाद यात्री सेवाएं पहले ही शुरू की जा चुकी हैं, जबकि कुरूद–धमतरी रेलखंड का कार्य जारी है। नई रेल सेवा शुरू होने से इस क्षेत्र में रेल नेटवर्क का विस्तार होगा और यात्रियों को परिवहन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
रायपुर में बनेगी इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी
रायपुर में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी भी इस कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा है। इस सुविधा में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित करने की योजना है।
इससे इंजनों की उपलब्धता बढ़ाने, रखरखाव व्यवस्था को मजबूत करने और रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। बढ़ती माल परिवहन जरूरतों को पूरा करने के लिहाज से भी यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
रायपुर और रावघाट में मौजूद रहेंगे जनप्रतिनिधि
रायपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, बृजमोहन अग्रवाल और रूपकुमारी चौधरी, विधायक पुरन्दर मिश्रा, सुनील सोनी, राजेश मूणत और मोतीलाल साहू तथा महापौर मीनल चौबे उपस्थित रहेंगी।
वहीं, रावघाट स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
दोनों रेल परियोजनाओं के उद्घाटन और नई यात्री सेवाओं की शुरुआत से छत्तीसगढ़ में रेल संपर्क का विस्तार होगा। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ क्षेत्रीय व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।











