राज्योत्सव समारोह में समाज कल्याण विभाग ने ग्राम त्रिभौना की दिव्यांग महिला को दी सुविधा, दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता होगी कम।
रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर रायगढ़ की शोभा कुमारी को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की सौगात मिली है। जिला मुख्यालय स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से ग्राम त्रिभौना निवासी शोभा कुमारी को यह ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इससे उनके लिए घर से बाहर निकलना और जरूरी कामों के लिए आवागमन करना पहले की तुलना में आसान होगा।
सामान्य ट्राइसाइकिल से होती थी परेशानी
शोभा कुमारी ने बताया कि इससे पहले उन्हें सामान्य ट्राइसाइकिल मिली थी, लेकिन उससे एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती थी। दैनिक जरूरतों और जरूरी कामों के लिए कई बार उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था।
अब मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से वे अधिक आसानी से आवागमन कर सकेंगी। इससे उन्हें अपने जरूरी कार्यों को पूरा करने के साथ आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने में भी सहूलियत मिलेगी।
आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ेगा कदम
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित राज्योत्सव में मिली इस सुविधा से शोभा के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उनके लिए बड़ी मदद साबित होगी। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।











