जेएसपीएल तमनार गेट के पास हुआ दर्दनाक हादसा, दोनों मृतक मिलूपारा के निवासी; पुलिस ने डंपर जब्त कर शुरू की जांच
रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जेएसपीएल तमनार गेट के पास हुआ, जहां डंपर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
रायगढ़ जा रहे थे भाई-बहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिलूपारा निवासी घनश्याम डनसेना और कुंती डनसेना किसी निजी काम से मोटरसाइकिल पर सवार होकर रायगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान जेएसपीएल तमनार गेट के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों की पहचान, परिवार में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान घनश्याम डनसेना (22 वर्ष), पिता परमेश्वर डनसेना और कुंती डनसेना (25 वर्ष), पिता परमेश्वर डनसेना, निवासी मिलूपारा के रूप में हुई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है।
पुलिस ने डंपर किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











