मुक्तिधाम निर्माण, बिजली कनेक्शन, श्रवण यंत्र और ट्राइसाइकिल सहित विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे नागरिक
कलेक्टर ने गंभीरता से सुने नागरिकों के आवेदन
रायगढ़ जिला कलेक्टोरेट में सोमवार को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुक्तिधाम निर्माण और बिजली कनेक्शन की मांग
जनदर्शन में लैलूंगा विकासखंड के ग्राम पंचायत ऐंकरा निवासी जगदीश सिदार ने गांव में मुक्तिधाम और अहाता निर्माण की मांग रखी। वहीं, ग्राम दर्रीडीह के भक्तराम प्रधान ने बताया कि कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए काफी समय पहले आवेदन देने के बावजूद अब तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्रवण यंत्र और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं
ग्राम रेंगालपाली की गौरी गुप्ता ने जन्म से सुनने में परेशानी होने की जानकारी देते हुए श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की मांग की। मितानिन सरिता चौहान ने जिला चिकित्सालय में मितानिनों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराने और वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद ऑपरेशन में लंबी प्रतीक्षा के कारण हो रही परेशानियों से कलेक्टर को अवगत कराया।
नक्शा बंटवारे और ट्राइसाइकिल के लिए आवेदन
ग्राम अमलडीहा के छबि राम ने नक्शा बंटवारे की प्रक्रिया लंबित होने की शिकायत करते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की। वहीं, ग्राम सूपा के गजपति रात्रे ने स्वयं को दिव्यांग बताते हुए दैनिक कार्यों में आने वाली परेशानियों की जानकारी दी और आवागमन के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











