गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
दो दिनों तक प्रदेश में बदलेगा मौसम
छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दोनों दिनों में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं, तेज झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है। यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
17 नवंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे तूफान 12.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था। पिछले छह घंटों के दौरान इसकी आगे बढ़ने की रफ्तार लगभग 3 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी।
चेन्नई से करीब 600 किलोमीटर दूर था तूफान
उस समय तूफान चेन्नई से लगभग 600 किलोमीटर पूर्व, मछलीपट्टनम से 650 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 780 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में इसके 17 नवंबर की शाम तक प्रचंड चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक अति प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई थी। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।











