एकताल के 30 शिल्पकारों को 10-10 हजार रुपये के उन्नत उपकरण निःशुल्क वितरित, ठेंगापाली और कटैल के 17 शिल्पकारों को भी मिली आर्थिक सहायता; राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल
30 शिल्पकारों को प्रशिक्षण के बाद मिली टूलकिट
रायगढ़। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक हस्तशिल्प कला को बढ़ावा देने और शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) के वित्तीय सहयोग से संचालित डिजाइन एवं प्रौद्योगिकी विकास प्रशिक्षण के तहत शिल्पकारों को आधुनिक औजार और आर्थिक सहायता प्रदान की गई। चक्रधरनगर स्थित सिंधु भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त शालिनी राजपूत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान भी उपस्थित रहे।
एकताल के शिल्पकारों को 10-10 हजार के उपकरण
कार्यक्रम के तहत पुसौर विकासखंड के ग्राम एकताल में बेलमेटल शिल्प से जुड़े 30 महिला एवं पुरुष शिल्पकारों को तीन माह का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रत्येक शिल्पकार को 10 हजार रुपये मूल्य के उन्नत औजार एवं उपकरण निःशुल्क प्रदान किए गए। इससे शिल्पकारों को अपने काम में आधुनिक तकनीक का उपयोग करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ठेंगापाली और कटैल के 17 शिल्पकारों को आर्थिक सहायता
विभागीय योजना के तहत रायगढ़ जिले के ग्राम ठेंगापाली के अनुसूचित जाति वर्ग के 15 महिला एवं पुरुष शिल्पकारों को औजार खरीदने के लिए 5-5 हजार रुपये के चेक दिए गए। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम कटैल के अनुसूचित जनजाति वर्ग के दो शिल्पकारों को भी प्रति हितग्राही 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
हस्तशिल्प को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर
हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पारंपरिक शिल्पकारों की कला और हुनर को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिल्पकारों को आधुनिक प्रशिक्षण, उन्नत टूलकिट और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक हस्तशिल्प केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे संरक्षित करने के साथ नई तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करना जरूरी है।
राष्ट्रपति से मिल चुके हैं रायगढ़ के 13 शिल्पकार
श्रीमती राजपूत ने राष्ट्रपति भवन में गत दिवस आयोजित विशेष कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि रायगढ़ जिले के 13 शिल्पकारों को राष्ट्रपति से मुलाकात और आत्मीय संवाद का अवसर मिला। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प और स्थानीय कलाकारों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उनके अनुसार, ऐसे अवसर शिल्पकारों का मनोबल बढ़ाने के साथ उनकी कला को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के सहायक प्रबंधक राखी राम भगत ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण, उन्नत औजार-उपकरण और आर्थिक सहायता के माध्यम से शिल्पकारों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा पारंपरिक कला को आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य एवं पार्षद पूनम सोलंकी, एल्डरमेन प्रदीप श्रृंगी, मंजूलता पटेल, जिला पंचायत सभापति जांजगीर-चांपा मोहन कुमारी, हस्तशिल्प संवर्धन अधिकारी जगदलपुर विकास कुमार, मनोज श्रीवास्तव, पार्षद केशव प्रसाद जायसवाल सहित विभागीय कर्मचारी जयसिंह सिदार, कालिया कान्हू सिदार एवं घनश्याम सिंह उपस्थित रहे।











