धरमजयगढ़ के ग्राम कुमा में शिकायत पर तत्काल कार्रवाई, तकनीकी खराबी दूर होने से ग्रामीणों और राहगीरों को मिलने लगा पेयजल
शिकायत मिलते ही हरकत में आया प्रशासन
रायगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण में सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी का उदाहरण धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कुमा में देखने को मिला, जहां लंबे समय से बंद सोलर ड्यूल पंप की शिकायत मिलने पर तकनीकी खराबी दूर कर पेयजल आपूर्ति दोबारा शुरू करा दी गई।
पंप बंद होने से ग्रामीणों को हो रही थी परेशानी
ग्राम कुमा निवासी सुरेश राठिया ने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था के लिए स्थापित सोलर ड्यूल पंप के बंद होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी। पंप के काम नहीं करने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
क्रेडा की टीम ने तत्काल कराया सुधार कार्य
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए क्रेडा जिला कार्यालय रायगढ़ के अधिकारी विक्रम वर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया। तकनीकी टीम से पंप की जांच कराई गई, जिसमें खराबी सामने आने पर क्रेडा के मैकेनिक ने आवश्यक मरम्मत की। सुधार कार्य पूरा होने के बाद सोलर ड्यूल पंप को दोबारा चालू कर दिया गया।
ग्रामीणों और राहगीरों को मिल रहा स्वच्छ पेयजल
पंप के दोबारा शुरू होने से ग्राम कुमा के निवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इसके साथ ही गांव से गुजरने वाले राहगीरों को भी दिन-रात स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने लगी है। शिकायतकर्ता सुरेश राठिया ने समस्या का समाधान होने पर संतोष जताया।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
पेयजल सुविधा बहाल होने पर ग्रामवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शिकायत का त्वरित निराकरण होने से ग्रामीणों को राहत मिली है।











