
कोरबा – मौसम में लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए बच्चों को राहत पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत बोईदा के सरपंच संजय राज ने सराहनीय पहल की है। विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम बोईदा स्थित प्री मैट्रिक बालक आश्रम में पहुंचकर उन्होंने अध्ययनरत बच्चों को गर्म स्वेटर वितरित किए। सरपंच की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को कड़ाके की ठंड और ठिठुरन से बचाना है।स्वेटर वितरण के दौरान आश्रम के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। नए गर्म स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों की मुस्कान ने इस पहल को और भी खास बना दिया। इस अवसर पर सरपंच संजय राज ने बच्चों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का नियमित उपयोग करने के साथ ही मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।सरपंच संजय राज की इस पहल से आश्रम में रहने वाले बच्चों को ठंड से काफी राहत मिलेगी।निश्चित ही ऐसे छोटे-छोटे प्रयास बच्चों के चेहरों पर बड़ी मुस्कान लाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।साथ में राजकुमार मरावी सहित आश्रम के बच्चे उपस्थित थे।











