मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10 बजे करेंगे राज्य स्तरीय समारोह का शुभारंभ, ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर होगी साहित्यिक परिचर्चा
रायपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोक संस्कृति, परंपराओं और छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव को समर्पित राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आज राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाएगा। सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में होने वाले कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10 बजे करेंगे। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि और साहित्यकार मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर होगा जोर
समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक सृजन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल होंगे।
उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार स्वागत उद्बोधन देंगी, जबकि आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे।
छत्तीसगढ़ी साहित्य की 14 पुस्तकों का होगा विमोचन
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य को समृद्ध बनाने में योगदान देने वाले साहित्यकारों की 14 कृतियों का विमोचन किया जाएगा। इनमें अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू ‘पर्वणी’ की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’ और रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’ शामिल हैं।
इसके अलावा अमोल दास टंडन की ‘मय माटी अंव रे झन बाटव ये देश ल’, बलराम मिर्झा की ‘धर्म क्रांति के अगवा’, प्रिया देवांगन की ‘माटी के सिरजाय छंद’, सुधा वर्मा (डॉ. सत्यभामा आडिल) की ‘अंचरा के धागा’, सुधा वर्मा की ‘ठउर खोजत बसंत’, डोरे लाल कैवर्त की ‘अमृत गंगार’, बंशीधर लाल की ‘सियान के गोठ’ और डूमन लाल ध्रुव की ‘जिनगी बिरथा नइ जाय’ का भी विमोचन होगा।
पांच साहित्यकारों को किया जाएगा सम्मानित
छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इनमें गरियाबंद जिले के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ जिले की सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर जिले के ईश्वर साहू ‘बंधी’ और गोविंद धनगर शामिल हैं। अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भेंट की जाएगी।
‘पुरखा के सुरता’ विषय पर होगी परिचर्चा
समारोह के दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक साहित्यिक परिचर्चा आयोजित होगी। ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर होने वाली यह परिचर्चा स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगी। इसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी।
राजभाषा दिवस का यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव की भावना मजबूत करने, साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है।











