
कोरबा। पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवसा के मोहल्ला ओझापारा में शासकीय प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग बारिश के चलते पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण छोटे बच्चों, आंगनबाड़ी के नौनिहालों,शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बारिश के दिनों में मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ और फिसलन होने के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों के लिए रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनकी स्कूल ड्रेस गंदी हो जाती है। वहीं, अभिभावकों को भी बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाने और वापस घर लाने की चिंता बनी रहती है।आंगनबाड़ी के नौनिहाल भी परेशान शासकीय प्राथमिक शाला के समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने के लिए भी बच्चों और कार्यकर्ताओं को इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। बारिश के दौरान कीचड़ बढ़ जाने से छोटे बच्चों को काफी कठिनाई होती है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।कई बार दे चुके हैं जानकारी, फिर भी नहीं बनी सड़क ग्रामीणों के अनुसार ओझापारा के इस मार्ग की समस्या को कोई ध्यान नहीं दिया जा है। बारिश के मौसम में हर वर्ष स्थिति खराब हो जाती है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर सरपंच सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने का आश्वासन तो लगातार मिलता रहा है, लेकिन जब तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं होता, तब तक बच्चों और ग्रामीणों की परेशानी खत्म नहीं होगी।स्थायी सड़क निर्माण की मांग ग्रामीणों ने संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों से ओझापारा स्कूल और आंगनबाड़ी मार्ग का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए बारिश के बाद नहीं, बल्कि जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।अब ग्रामीणों की निगाहें जिम्मेदारों पर टिकी हैं कि आखिर ओझापारा के नौनिहालों की कीचड़ भरी राह कब आसान होगी और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कब होगा?







